Chaibsa : Gua संवाददाता। गुवा खदान क्षेत्र में ठेका श्रमिकों के वेतन भुगतान और श्रेणी निर्धारण को लेकर यूनियन और प्रबंधन के बीच विवाद उभर कर सामने आया है। इस मामले में 21 अप्रैल को Chaibasa स्थित एलसी ऑफिस में सुनवाई हुई।
सुनवाई के दौरान झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने आरोप लगाया कि कुछ ठेकेदार श्रमिकों को समय पर वेतन नहीं दे रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कई श्रमिकों को उनके कार्य के अनुरूप मजदूरी नहीं मिल रही है।
यूनियन की ओर से उदाहरण देते हुए बताया गया कि एक इलेक्ट्रीशियन को अर्ध-कुशल श्रेणी की मजदूरी दी जा रही है, जबकि वह कुशल श्रेणी का कार्य कर रहा है। इसी तरह पंप ऑपरेटर, लोडिंग ऑपरेटर और रसोइयों के मामलों में भी श्रमिकों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप श्रेणी नहीं मिलने की बात सामने रखी गई।
वहीं प्रबंधन की ओर से एजीएम (एचआर) चंदन घोष ने इन आरोपों को व्यापक अनियमितता मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि सामान्यतः श्रमिकों को हर महीने की 7 तारीख से पहले वेतन भुगतान कर दिया जाता है, हालांकि कुछ मामलों में देरी की शिकायतों की जांच की जाएगी।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि यूनियन द्वारा उठाए गए मामलों की सत्यता की जांच के लिए विस्तृत अभिलेख, कार्य विवरण और ठेकेदार-वार जानकारी की समीक्षा आवश्यक है, जिसके लिए समय मांगा गया है।
प्राधिकरण ने प्रबंधन को निर्देश दिया है कि अगली तिथि तक सभी मामलों की ठेकेदार-वार और श्रमिक-वार रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। फिलहाल मामले की प्रारंभिक जांच जारी है और अगली सुनवाई की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
सुनवाई के दौरान रामा पांडे, चंद्रिका खंडायत, कमल मोदी, बेहरा पान, संजय ठाकुर, गोविंदा पान, राजेश शेरु, शादाब खान, निरल, विक्की, विक्रम और रवि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।










