मनोहरपुर में ‘स्कूल रुआर–2026’ अभियान को लेकर कार्यशाला, 100% नामांकन और उपस्थिति पर जोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड में स्कूली शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल करते हुए ‘स्कूल रुआर–2026’ (Back to School Campaign) के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला बुधवार को थोलकोबाद आवासीय विद्यालय के सभागार में आयोजित हुई, जिसमें शिक्षा से जुड़े विभिन्न स्तरों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शक्तिकुंज ने की। इस अवसर पर प्रखंड के प्रधानाध्यापक, शिक्षिकाएं एवं शिक्षा कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यशाला के दौरान शिक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप प्राथमिक स्तर पर शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

साथ ही शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के तहत राज्य में प्राथमिक शिक्षा में नामांकन के क्षेत्र में हुई प्रगति की सराहना की गई, लेकिन उच्च कक्षाओं में विद्यार्थियों के ठहराव (retention) को लेकर चिंता भी जताई गई।

कार्यशाला में बताया गया कि नए शैक्षणिक सत्र में अनामांकित एवं विद्यालय छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ‘स्कूल रुआर–2026’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य हर बच्चे को स्कूल से जोड़ना और उसकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है।

अभियान को सफल बनाने के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।

यह कार्यशाला मनोहरपुर प्रखंड में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। ‘स्कूल रुआर–2026’ अभियान के माध्यम से सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.