नीमडीह में 3.89 करोड़ की सड़क योजनाओं का शिलान्यास, विधायक सविता महतो बोलीं—गांवों की बदलेगी तस्वीर

SHARE:

Adityapur : नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक Savita Mahato ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दो सड़कों के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण कर योजनाओं की शुरुआत की।

इन दोनों योजनाओं के तहत कुल 5 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण लगभग 3 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इसमें भांगाट से राकाड़ तक 2.6 किमी सड़क का निर्माण करीब 1 करोड़ 82 लाख रुपये तथा पीडब्ल्यूडी पथ मांझाडीह मोड़ से माकुला भाया बानडीह तक 2.4 किमी सड़क का निर्माण लगभग 2 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से होगा।

विधायक सविता महतो ने कहा कि ये सड़कें क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने बताया कि खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, विशेषकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी।

उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण से गांवों के बीच संपर्क मजबूत होगा, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, छात्रों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में सहूलियत होगी और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना आसान हो सकेगा।

विधायक ने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र में और भी विकास योजनाएं लाई जाएंगी, ताकि हर गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंच सके।

इस अवसर पर ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजय तिर्की, कनीय अभियंता संजय महतो, जिला परिषद सदस्य असित सिंह पातर, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, प्रमुख फूलमनी हांसदा, मुखिया वरुण सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

Leave a Comment