उद्घाटन से पहले ढहा स्वास्थ्य केंद्र का हिस्सा, भ्रष्टाचार के आरोप में उग्र प्रदर्शन

SHARE:

Potka : पोटका प्रखंड में सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का एक हिस्सा उद्घाटन से पहले ही ढह जाने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।

इस घटना के विरोध में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के बैनर तले प्रखंड कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे नेताओं ने कहा कि उद्घाटन से पहले ही भवन का हिस्सा गिरना यह दर्शाता है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है। उन्होंने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और संबंधित संवेदक एवं अभियंता पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुणा मुंडा को ज्ञापन सौंपा। बीडीओ ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

घटना ने सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता और गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment