बरंगा पंचायत उत्कृष्ट चयन की दौड़ में, राज्य स्तरीय टीम ने किया निरीक्षण

SHARE:

Chaibasa : उत्कृष्ट पंचायत चयन प्रक्रिया के तहत मनोहरपुर प्रखंड की बरंगा पंचायत का गुरुवार को राज्य स्तरीय टीम ने दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। टीम में अजित कुमार सिंह, मलय पॉल एवं डीपीएम अभिषेक कुमार शामिल थे।

पंचायत पहुंचने पर टीम का ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने फूल-माला और बुके देकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद पंचायत भवन में आयोजित बैठक में टीम ने ग्रामीणों से संवाद कर विकास कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन एवं पंचायत की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी ली।

ग्रामीण मुंडा प्रदीप कुमार महतो ने बताया कि पंचायत में विकास कार्यों का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं जेएसएलपीएस के बीपीएम नरेश कुमार ने जानकारी दी कि बरंगा पंचायत में 84 महिला स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जो स्वरोजगार के माध्यम से दुकान संचालन, फूलों की खेती और मुर्गी पालन जैसे कार्यों से आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

स्पायर संस्था के प्रतिनिधि राजेश लागुरी ने बताया कि पंचायत क्षेत्र के सिमिरता इलाके में लगभग 100 ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान की गई है, जिन्हें पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास जारी हैं।

निरीक्षण के क्रम में टीम ने मुंडा उपर टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बरंगा का भी दौरा किया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों ने अतिथियों का स्वागत किया। टीम ने बच्चों की उपस्थिति, टीकाकरण, पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

इस दौरान कनीय अभियंता अमर कुमार, श्रम पदाधिकारी अजय कुमार, मुखिया ओनामी कोड़ा, पंचायत सचिव अमृता बाड़ा, बीसी क्षितिज ओडिया, प्रभारी बीपीआरओ बसंत लागुरी, पंसस प्रकाश हेम्ब्रोम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment