कुचाई के कोमाय में लगा जनता दरबार, ग्रामीणों ने सड़क, पानी व नेटवर्क की समस्याएं उठाईं

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adiryapur  : सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड अंतर्गत रोलाहातु पंचायत के कोमाय स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में जिला प्रशासन द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह ने की, जबकि खरसावां विधायक श्री दशरथ गागराई भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्वागत भाषण देते हुए जनता दरबार के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।



जनता दरबार में विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, पुलिया, पेयजल, मोबाइल नेटवर्क, स्वास्थ्य सेवाएं एवं शिक्षा से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कई ग्रामीणों ने जलमीनार और चापानल की मरम्मत, हर घर नल-जल योजना से वंचित घरों को जोड़ने तथा बंद बीएसएनएल टावरों को चालू करने की मांग उठाई।

उपायुक्त ने प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई मामलों का मौके पर ही समाधान करने का निर्देश दिया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति के लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।



उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में बंद पड़े मोबाइल टावरों को जल्द चालू करने की प्रक्रिया चल रही है तथा सड़क, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिला व राज्य स्तर पर समन्वय स्थापित किया जाएगा।

विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और चिन्हित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने स्वीकार किया कि अभी भी कई गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, जिन्हें दूर करना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। अंत में ग्रामीणों ने सुदूर क्षेत्र में जनता दरबार आयोजित करने के लिए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.