टाटानगर सिविल डिफेंस ने सिनी रेलवे प्रशिक्षण संस्थान में 147 रेलकर्मियों को दिया लाइफ सपोर्ट व रेस्क्यू प्रशिक्षण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:यात्रियों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए टाटानगर रेल सिविल डिफेंस द्वारा सिनी स्थित जोनल रेलवे प्रशिक्षण संस्थान में रेलकर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न डिवीजनों से आए कुल 147 रेलकर्मियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और इमरजेंसी रेस्क्यू कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में स्टेशन मैनेजर, प्रो स्टेशन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर, प्रो ट्रेन मैनेजर, सीसीटीसी एवं पॉइंट मैन जैसे फ्रंटलाइन रेलकर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें ऐसी आपात स्थितियों के लिए तैयार करना था, जहां त्वरित प्राथमिक उपचार किसी यात्री की जान बचा सकता है।

सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि अक्सर स्टेशनों पर यात्री अचानक मूर्छित हो जाते हैं या सीढ़ियां चढ़ते, ट्रेन पकड़ते या एलिवेटर का उपयोग करते समय घायल हो जाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में मौजूद लोग अक्सर केवल दर्शक बनकर रह जाते हैं, जबकि प्रथम रिस्पांडर के रूप में समय पर दी गई प्राथमिक चिकित्सा जीवनरक्षक साबित हो सकती है।

उन्होंने प्रतिभागियों को कार्डियक अरेस्ट या दिल का दौरा पड़ने की स्थिति में तुरंत सीपीआर देने की विधि, अचेत अवस्था में प्रतिक्रिया जांचने की प्रक्रिया तथा श्वसन नली में बाहरी वस्तु फंसने पर हेमलीच मैनोवर जैसी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

वहीं सिविल डिफेंस डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद ने अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में चक्रधरपुर, रांची, आद्रा, खड़गपुर, नागपुर, संबलपुर, विशाखापट्टनम, खुर्दा, बिलासपुर, रायपुर सहित कई डिवीजनों के रेलकर्मी शामिल हुए।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के मुख्य अनुदेशक ने धन्यवाद ज्ञापन किया। जोनल रेलवे प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य मनोज कुमार सिंह ने सिविल डिफेंस टीम द्वारा दिए जा रहे इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए उनकी सराहना की और कहा कि इससे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.