मानगो के ज्वाहर नगर ब्रह्मपथ में जलजमाव से जनजीवन बेहाल, समाधान नहीं तो सड़क पर ‘कमल खेती’ की चेतावनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मानगो ज्वाहर नगर रोड नंबर 15 स्थित ब्रह्मपथ में विगत एक वर्ष से जलजमाव और बजबजाती सड़क के कारण स्थानीय लोगों का आवागमन दुश्वार हो गया है। नया पुरुलिया रोड को सीधे एनएच-33 से जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क पर जलभराव और दुर्गंध के चलते आवागमन लगभग बाधित हो चुका है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से उन्हें केवल आश्वासन और मीठी-मीठी बातें ही सुनने को मिली हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। हालात धीरे-धीरे विकराल रूप लेते जा रहे हैं, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह से पहल करने का आग्रह किया। विकास सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मानगो नगर निगम के उपनगर आयुक्त के संज्ञान में मामला रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो सड़क पर जमे बजबजाते पानी में मछली पालन, धन रोपनी ही नहीं बल्कि ‘कमल फूल’ की खेती कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। साथ ही, उन्होंने कहा कि इसके लिए दोषी स्थानीय विधायक और सांसद को जनता के सामने आईना दिखाने का कार्य किया जाएगा।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बरसात से पहले यदि समुचित जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो स्थिति और भयावह हो सकती है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.