Adityapur : श्री श्री बजरंग दल अखाड़ा, चांडिल हाटटोला के तत्वावधान में रविवार को रामनवमी के अवसर पर भव्य विसर्जन जुलूस निकाला गया। जुलूस की शुरुआत चांडिल बाजार हाटटोला स्थित बजरंगबली मंदिर से हुई, जहां से श्रद्धालु और युवाओं की टोली महावीरी झंडों के साथ जय श्रीराम और जय बजरंग के उद्घोष करते हुए निकली।
विसर्जन जुलूस चांडिल बाजार, बस स्टैंड, डैम रोड और तांतीबांध क्षेत्र का भ्रमण करते हुए आगे बढ़ा। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था।
जुलूस के दौरान युवाओं ने पारंपरिक और रोमांचक करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया। किसी ने लाठी, तलवार और भाला जैसे शस्त्रों के साथ कौशल दिखाया, तो किसी ने फ्यूज ट्यूब लाइट से खेल तथा मुंह से आग निकालने जैसे हैरतअंगेज प्रदर्शन प्रस्तुत किए। इन करतबों ने पूरे चांडिल बाजार में आकर्षण का केंद्र बना दिया।
रामनवमी विसर्जन जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। श्रद्धा, उत्साह और परंपरा के संगम ने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।








