टाटा वर्कर्स यूनियन में प्रो. अब्दुल बारी की 79वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : टाटा वर्कर्स यूनियन, जमशेदपुर द्वारा यूनियन के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय प्रोफेसर अब्दुल बारी की 79वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को संध्या 6 बजे यूनियन परिसर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यूनियन पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर यूनियन के महासचिव सतीश कुमार सिंह, सह-अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह तथा उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम ने स्वर्गीय प्रो. अब्दुल बारी के जीवन, उनके संघर्ष और नेतृत्व क्षमता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रो. बारी का योगदान श्रमिक आंदोलन के लिए प्रेरणास्रोत है और उनका जीवन आज भी मार्गदर्शन प्रदान करता है।

वहीं, यूनियन के फैकल्टी-सह-ऑफिस एसोसिएट डॉ. एम.एस. सिंह ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके ओजस्वी एवं दूरदर्शी नेतृत्व को याद किया। वक्ताओं ने उनके सिद्धांतों को अपने जीवन और संगठन में अपनाने का संकल्प लिया।

गौरतलब है कि स्वर्गीय प्रोफेसर अब्दुल बारी वर्ष 1937 से 1947 तक लगभग एक दशक तक टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष रहे। 28 मार्च 1947 को पटना के निकट फतुहा रेलवे स्टेशन के पास उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जो श्रमिक आंदोलन के इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना मानी जाती है।

श्रद्धांजलि सभा में उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, संजीव तिवारी, सहायक सचिव अजय कुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष अमोद कुमार दुबे, ऑफिस इंचार्ज धर्मबीर कुमार सिंह सहित कार्यकारिणी समिति के सदस्य एवं यूनियन के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अंत में सभी ने स्वर्गीय प्रो. अब्दुल बारी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसके साथ ही सभा का समापन किया गया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.