Chaibasa: शहर में लगातार बढ़ रही चोरी और छिनतई की घटनाओं के बीच गुरुवार को तथाकथित ‘डेंडराइट गैंग’ का खुलासा होने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह गैंग विशेषकर छोटे गुमटी, ठेले और अस्थायी दुकानों को निशाना बनाकर रात के समय ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
मामले में कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने सक्रिय भूमिका निभाई। हाल के दिनों में बढ़ती घटनाओं को देखते हुए उन्होंने निजी स्तर पर छानबीन शुरू की थी। इससे पहले भी उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को पत्राचार किया था।
गुरुवार को निबंधन कार्यालय, चाईबासा के समीप एक चाय गुमटी में हुई चोरी की घटना की जांच के दौरान त्रिशानु राय ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर संदिग्धों से पूछताछ की। प्रारंभ में आरोपियों ने घटना से इनकार किया, लेकिन सख्ती के बाद उन्होंने चोरी की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी का सामान कचहरी तालाब के नीचे पुलिया के जल निकासी द्वार में बोरे में छुपाकर रखा गया है। इसके बाद टीम आरोपियों को मौके पर लेकर पहुंची, जहां से बिस्किट, ब्रेड, टोस्ट, चिप्स, कुरकुरे समेत अन्य सामान और ताला तोड़ने के औजार बरामद किए गए।
घटना में शामिल एक-दो बालिग युवक, एक नाबालिग बच्ची और एक नाबालिग लड़का को मौके से पकड़ लिया गया। इसके बाद त्रिशानु राय ने तत्काल सदर थाना को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तरुण कुमार के निर्देश पर एसआई अजित होनहागा पीसीआर वैन के साथ मौके पर पहुंचे और सभी आरोपियों को बरामद सामान के साथ थाने ले गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। शहरवासियों को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी।









