जमशेदपुर में सपा का शक्ति प्रदर्शन: 5 वार्ड पार्षद सम्मानित, संगठन विस्तार पर मंथन

SHARE:

Jamshedpur:नगर निकाय चुनाव के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में जमशेदपुर के सर्किट हाउस में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम चुनाव में विजयी पांच वार्ड पार्षदों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने न सिर्फ विजेताओं का उत्साहवर्धन किया, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति पर भी गंभीर चर्चा की।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सह झारखंड प्रभारी व्यास जी गुड ने विजयी पार्षदों को सम्मानित करते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि “हर वोटर हमारे लिए खास है और समाजवादी पार्टी समाज के हर वर्ग, खासकर पीड़ित, शोषित और वंचितों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।” उन्होंने पीडीए (PDA) सामाजिक समीकरण को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

सम्मानित होने वाले पार्षदों में वार्ड 18 से अंजना सिंह, वार्ड 16 से पूजा कुमारी महतो, वार्ड 04 से चंचल कुमारी, वार्ड 30 से विजय दास और वार्ड 02 से काशिफ रजा खान शामिल रहे। इन सभी को पार्टी नेतृत्व ने अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय सचिव विशाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष केश्वर यादव उर्फ रंजन यादव, प्रदेश प्रधान महासचिव मुस्तफा अंसारी, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष तानिया बसु, जिला अध्यक्ष अजित यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला महामंत्री गीता पांडे ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता शुभम सिन्हा ने किया। इस दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

जमीनी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी प्रभावी बना दिया। नीतू मिश्रा, अद्विका भारद्वाज, आराध्या पाठक, निशांत सिंह, आर्यन यादव, अमन झा समेत कई कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि आगामी चुनावों की तैयारी का संकेत भी है, जहां समाजवादी पार्टी स्थानीय स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में सक्रिय नजर आ रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें