जमशेदपुर: हिंदू नव वर्ष के शुभ अवसर पर जमशेदपुर के बागबेड़ा क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के माहौल के बीच भव्य हिंदू नव वर्ष यात्रा जुलूस निकाला गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह देखने को मिला और सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवाओं ने यात्रा में शामिल होकर नव वर्ष का स्वागत किया।
इस भव्य यात्रा का नेतृत्व संदीप सिंह ने किया। उनके साथ आयोजन में मनीष महाकुंड, राहुल कुमार, बबलू गोड़सेरा, धनंजय सिंह और संदीप राजपूत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद रहीं।
अतिथियों का किया गया पारंपरिक सम्मान
यात्रा जुलूस में मुख्य अतिथि के रूप में बागबेड़ा थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह तथा पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से अंगवस्त्र और पगड़ी पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया।
काली मंदिर से शुरू होकर दुर्गा पूजा मैदान तक पहुंची यात्रा
हिंदू नव वर्ष यात्रा की शुरुआत हरहरगुड्डू काली मंदिर से की गई, जहां से श्रद्धालुओं का विशाल समूह जुलूस के रूप में आगे बढ़ा। यह यात्रा डीबी रोड, लाल बिल्डिंग, कीताडीह, प्रेम कुंज चौक और हरहरगुड्डू तालाब होते हुए बागबेड़ा कॉलोनी स्थित दुर्गा पूजा मैदान के माई दरबार मंदिर के सामने पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा मार्ग में जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा भी की गई।
झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुति ने बढ़ाया आकर्षण
इस धार्मिक यात्रा में भगवान राम की आकर्षक झांकी और हनुमान जी की जीवंत प्रस्तुति लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी रही। इसके अलावा जुलूस में दो घोड़ों की अगुवाई ने भी माहौल को और भव्य बना दिया। पूरे मार्ग में जय श्रीराम और धार्मिक जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और समाजसेवी रहे मौजूद
इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी उपस्थित रहे। इनमें उप मुखिया संतोष ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य सीमा पांडे, रीमा कुमारी सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे।
इसके अलावा मुदिता सिंह, मुनमुन चक्रवर्ती, मनीष महाकुंड, राहुल कुमार, धनंजय सिंह, बबलू गोड़सेरा, संदीप राजपूत, उमा शर्मा, कुमुद शर्मा, छवि विश्वकर्मा और सुनीता देवी सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यात्रा में भाग लिया और हिंदू नव वर्ष का स्वागत किया।









