सरायकेला-खरसावां में जनगणना–2027 के प्रथम चरण के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

SHARE:

Seraikela:भारत की आगामी जनगणना–2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLD) के सफल संचालन को लेकर सरायकेला–खरसावां जिले में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार को जिला सभागार में की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेंदर उरांव, कार्यपालक दंडाधिकारी सतेंद्र महतो, कार्यपालक दंडाधिकारी-सह-जिला सांख्यिकी पदाधिकारी कमलेश कुमार दास, राज्य स्तरीय जनगणना प्रशिक्षक गजेंद्र गुप्ता, उप निदेशक तथा जिला समन्वयक अर्जुन राम सहित जिले के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को जनगणना आयोजन के उद्देश्य, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के लिए सामान्य दिशा-निर्देश, जनगणना अधिनियम से जुड़े प्रावधान, प्रमुख अवधारणाएँ और परिभाषाएँ, मकानों की नंबरिंग की प्रक्रिया तथा नगरीय क्षेत्रों में मानचित्र तैयार करने की विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही जनगणना मकान संख्या निर्धारण, अधिनियम के उल्लंघन की स्थिति में दंडात्मक कार्रवाई और कार्य निष्पादन से जुड़ी अन्य आवश्यक जानकारियाँ भी साझा की गईं।

प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कार्य करते समय आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को डिजिटल एप्लिकेशन के माध्यम से डेटा संग्रहण की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया तथा प्रतिभागियों के प्रश्नों का विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।

प्रशिक्षण में बताया गया कि इस बार भारत की जनगणना 2027 को डिजिटल माध्यम से संपन्न किया जाएगा, जिससे डेटा संकलन की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक होगी।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 से 15 मार्च 2026 तक जिला सभागार में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें लगभग 80 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें जिला एवं चार्ज स्तर के जनगणना पदाधिकारी और तकनीकी सहायक शामिल हैं।

इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में कार्य के दौरान आमजन के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

Leave a Comment

और पढ़ें