गुवा सेल में एमडीओ के विरोध में मजदूरों व ग्रामीणों की विशाल रैली, जोरदार प्रदर्शन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa:गुवा स्थित सेल खदान क्षेत्र में प्रस्तावित एमडीओ (माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर) प्रणाली को लेकर मजदूरों और ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आया। संध्या करीब 5 बजे विभिन्न मजदूर संगठनों और आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से विशाल रैली निकालकर सेल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

रैली की शुरुआत रेलवे मार्केट स्थित झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय से हुई। सैकड़ों की संख्या में मजदूर और ग्रामीण हाथों में बैनर और तख्तियां लिए विभिन्न मार्गों से होते हुए गुवा सेल के जनरल ऑफिस तक पहुंचे। पूरे रास्ते प्रदर्शनकारियों ने एमडीओ प्रणाली के विरोध में जोरदार नारेबाजी की और प्रबंधन के फैसले को मजदूर विरोधी करार दिया।

इस आंदोलन में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक), सप्लाई मजदूर संघ, झारखंड मजदूर मोर्चा यूनियन समेत कई मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि सेल प्रबंधन गुवा खदान में एमडीओ प्रणाली लागू करने की तैयारी कर रहा है, जिसका मजदूर संगठन और स्थानीय ग्रामीण मिलकर पुरजोर विरोध करेंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी कीमत पर गुवा में एमडीओ व्यवस्था लागू नहीं होने दी जाएगी।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सेल प्रबंधन धीरे-धीरे मजदूरों को मिलने वाली सुविधाओं में कटौती कर रहा है। उदाहरण देते हुए कहा गया कि कोलकाता स्थित रुबी अस्पताल के गेस्ट हाउस को बंद कर दिया गया है, जिससे इलाज के लिए जाने वाले मजदूरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

साथ ही यह भी आशंका जताई गई कि एमडीओ प्रणाली लागू होने से वर्षों से काम कर रहे सप्लाई मजदूरों के रोजगार पर संकट खड़ा हो सकता है। मजदूर नेताओं ने कहा कि निजी एजेंसियों के आने से मजदूरों से 8 घंटे की बजाय 12 घंटे तक काम लेने की स्थिति भी बन सकती है, जो श्रम कानूनों के खिलाफ है।

करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद यूनियन प्रतिनिधियों ने सेल प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा। प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया कि मजदूरों की मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और इस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

इस मौके पर रामा पांडे, अंतर्यामी महाकुड़, संजु गोच्छाईत, जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के विश्वजीत तांती, निर्मलजीत सिंह, पंचम जॉर्ज सोय, चंद्रिका खंडायत, जानों चातर, नूतन सुंडी, प्रशांत चाम्पिया, सुशील पूर्ति, किशोर सिंह समेत बड़ी संख्या में मजदूर और ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.