Guwa:सेल गुवा प्रबंधन की ओर से कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के तहत मंगलवार को गुवा सेल फुटबॉल मैदान में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की टीमों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मैदान में शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार थे। उनके साथ महाप्रबंधक (कॉन्ट्रैक्ट) बी.के. सुमन, महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, महाप्रबंधक आर.के. सिंहा, महाप्रबंधक डॉ. टी.सी. आनंद, डीजीएम (सीएसआर) अनिल कुमार, नोवामुंडी भाग-एक की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, पंचायत समिति सदस्य रेखा प्रसाद, भादों टोप्पो तथा महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में ठाकुरा गांव और गुवासाई गांव की टीम आमने-सामने हुई। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाते हुए एक-एक गोल कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। पेनल्टी शूटआउट में भी दोनों टीमों के बीच बराबरी बनी रही, जिसके बाद सिक्का उछालकर विजेता का फैसला किया गया। इसमें ठाकुरा गांव की टीम ने बाजी मारते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
वहीं महिला वर्ग के फाइनल में नुईया गांव की टीम और लालजी हार्टिंग टीम के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। पेनल्टी शूटआउट में भी दोनों टीमों के बीच बराबरी रही। अंततः सिक्का उछालकर नुईया गांव की टीम को विजेता घोषित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने और फुटबॉल में किक मारकर की गई।
इस मौके पर मुख्य अतिथि चंद्रभूषण कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों ही अहम होते हैं। हारने वाली टीम को निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि अगले वर्ष बेहतर तैयारी के साथ मैदान में उतरना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुवा सेल प्रबंधन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर साल इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करता है तथा खिलाड़ियों को खेल सामग्री, जर्सी और फुटबॉल भी उपलब्ध कराता है।
कार्यक्रम के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों को कप देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका जीवन हंसदा, हरीश पूर्ति, रोहित जेराई, अनूप नाग, सुप्रीत किसान और महावीर सोलंकी ने निभाई। प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें 4 महिला और 6 पुरुष टीमें शामिल थीं। इस अवसर पर देवाशीष चक्रवर्ती, नरेश दास, पंचम जॉर्ज सोय, प्रभात हाजरा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।








