मनोहरपुर में स्कूली बच्ची के अपहरण की कोशिश, चलती बाइक से कूदकर बचाई जान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur:पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड में एक 9 वर्षीय स्कूली बच्ची के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। साहस और सूझबूझ दिखाते हुए बच्ची ने चलती मोटरसाइकिल से कूदकर अपनी जान बचा ली।

मिली जानकारी के अनुसार पानीटंकी निवासी लक्ष्मी धनवार मंगलवार शाम मनोहरपुर बाजार से घर के लिए सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक मोटरसाइकिल लेकर उसके पास पहुंचा और घर छोड़ने के बहाने उसे बाइक पर बैठा लिया।

बताया जाता है कि कुछ दूर जाने के बाद युवक बच्ची के घर के सामने रुकने के बजाय आगे बढ़ गया। जब लक्ष्मी ने कई बार बाइक रोकने के लिए कहा, तब भी युवक नहीं रुका। स्थिति को भांपते हुए बच्ची ने हिम्मत दिखाते हुए चलती मोटरसाइकिल से छलांग लगा दी।

चलती बाइक से कूदने के कारण बच्ची को हल्की चोटें आईं। इसके बाद उसने सामने से आ रहे राहगीरों से मदद मांगी और किसी तरह अपने घर पहुंची। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

मामले को लेकर बच्ची की मां ने मनोहरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में संदिग्ध युवक की तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.