Jamshedpur:परसुडीह के बागान टोला मैदान में आदिवासी समाज की हातु बाहा पोरोब समिति की ओर से बाहा पर्व का भव्य और पारंपरिक आयोजन किया गया। शनिवार को आयोजित इस पर्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास साहू और जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाहा पर्व आदिवासी समाज की
संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से गहरे जुड़ाव का प्रतीक है। यह पर्व समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पर्व के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारंपरिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक शामिल हुए और अपनी संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि बागान टोला मैदान में बाहा पर्व का आयोजन कई वर्षों से लगातार किया जा रहा है और हर साल इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ती जा रही है।
इस मौके पर राम चंद्र तीयू, गंगा राम बन्डरा, प्रीति हेंब्रम, मोसो बीरूआ, हातु मुंडा, दोसमा बिरौली, गंगा राम मुड़िया, निमिया पूर्ति और सुमी हेंब्रम समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।









