रेल कर्मचारियों ने हर्षोल्लास के साथ मनाया होली मिलन समारोह

SHARE:

Jamshedpur:टाटानगर रेलवे के केंद्रीय कृत कर्षण मरम्मत कारखाना (CTRC) परिसर में मंगलवार को होली मिलन समारोह का आयोजन पूरे उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ किया गया। रंग, अबीर और आपसी सद्भाव के माहौल में कर्मचारियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

समारोह व्हील शॉप विभाग के समक्ष आयोजित किया गया, जहां सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने मुख्य अतिथि, सीटीआरसी के मंडल विद्युत अभियंता प्रेम चन्द्र शर्मा को भगवा वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके प्रत्युत्तर में मुख्य अतिथि ने इंस्पेक्टर संतोष कुमार को बिरंगी टोपी पहनाकर अभिनंदन किया।

व्हील शॉप के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता निलेश कुमार ने प्रेम चन्द्र शर्मा को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया, जबकि सहायक मंडल विद्युत अभियंता ए. के. नंदी को भी पारंपरिक टोपी पहनाकर सम्मान दिया गया। समारोह के दौरान उपस्थित वरिष्ठ अभियंताओं को भी रंगोली टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।

मंच संचालन करते हुए संतोष कुमार ने कहा कि इस वर्ष की होली कई मायनों में विशेष है। उन्होंने बताया कि इस साल उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही, अधिकारियों को पदोन्नति मिली और कर्मचारियों ने भारत सरकार के गृहमंत्रालय पदक, अतिविशिष्ट रेल सेवा सम्मान तथा राष्ट्रपति पदक प्राप्त कर सीटीआरसी का नाम गौरवान्वित किया है।

मुख्य अतिथि प्रेम चन्द्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कर्मचारियों द्वारा एकजुट होकर कार्यक्रम आयोजित करने की सराहना की और सभी को अबीर लगाकर शुभकामनाएं दीं।

धन्यवाद ज्ञापन सहायक मंडल विद्युत अभियंता ए. के. नंदी ने किया।
इस अवसर पर मंडल विद्युत अभियंता प्रेम चन्द्र शर्मा, सहायक मंडल अभियंता ए. के. नंदी, सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता निलेश कुमार, जगजीत कुमार, राजीव नयन, इन्द्र कुमार, मुकेश कुमार, आर. के. सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कुशल कारीगर और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का परिचय दिया।
समारोह ने यह संदेश दिया कि कार्यस्थल पर भी त्योहारों के माध्यम से आपसी सहयोग और टीम भावना को सुदृढ़ किया जा सकता है।

Leave a Comment