झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान की प्रेस कॉन्फ्रेंस

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष Hidayatullah Khan ने बुधवार को जुगसलाई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थिति उस कहावत जैसी हो गई है—“उल्टा चोर कोतवाल को डांटे।” उनके मुताबिक, जुगसलाई की शांति और भाईचारे को बिगाड़ने की कोशिश भाजपा के कुछ लोग कर रहे हैं और उसी का ठीकरा उनके सिर फोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
चुनाव प्रक्रिया बाधित करने का आरोप

हिदायतुल्लाह खान ने आरोप लगाया कि 23 फरवरी को हुए चुनाव के दौरान सेंट जॉन स्कूल स्थित बूथ पर भाजपा से जुड़े लोगों ने करीब दो घंटे तक चुनावी प्रक्रिया को बाधित किया। उन्होंने कहा कि उस समय वहां मौजूद अधिकांश लोग जुगसलाई के बाहर के थे।

उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब चुनाव आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि बाहरी लोग क्षेत्र छोड़ दें, तो ऐसे में उनका वहां मौजूद होना सवाल खड़े करता है। विभिन्न बूथों के सीसीटीवी फुटेज में उनकी मौजूदगी साफ दिखाई देती है, जो चुनाव आयोग के निर्देशों का उल्लंघन है।

खान ने यह भी आरोप लगाया कि सेंट जॉन स्कूल के बाद धर्मशाला रोड स्थित बूथ पर भी करीब एक घंटे तक हंगामा कर चुनावी प्रक्रिया बाधित की गई।

“सौहार्द बिगाड़ने वालों को नहीं किया जाएगा बर्दाश्त”
उन्होंने कहा कि जुगसलाई हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है, जहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। बाहर से आए कुछ तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन स्थानीय लोगों ने एकता बनाए रखी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन तस्वीरों के आधार पर भाजपा उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही है, उनमें दिख रहे लोग उनके समर्थक थे। जब वे अपनी पत्नी के साथ बूथ के पास से गुजर रहे थे, तब समर्थकों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि कोई यह साबित कर दे कि वे किसी बूथ के अंदर प्रवेश किए थे, तो वे सजा भुगतने को तैयार हैं।

खान ने चुनाव आयोग से मांग की कि ओडिशा के पूर्व राज्यपाल Raghubar Das 22 फरवरी की रात जुगसलाई में किस उद्देश्य से मौजूद थे, इसकी जांच कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान उम्मीदवारों को प्रलोभन देने से संबंधित कुछ ऑडियो भी वायरल हुए हैं, जिनकी जांच आवश्यक है।

इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि गड्डू सिंह जब उम्मीदवार ही नहीं हैं, तो विभिन्न बूथों पर उनकी मौजूदगी किस आधार पर थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक कुख्यात अपराधी द्वारा व्यापारियों को धमकाने के ऑडियो सामने आए हैं, जिसमें एक विशेष उम्मीदवार के पक्ष में मतदान नहीं करने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।

अंत में हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि जुगसलाई में रामनवमी, मुहर्रम, दुर्गा पूजा और होली जैसे सभी त्योहार मिल-जुलकर मनाए जाते हैं और आगे भी इसी परंपरा को कायम रखा जाएगा। बाहरी तत्वों द्वारा सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.