गोलमुरी थाना के सामने दिनदहाड़े फायरिंग, फल कारोबारी कन्हैया यादव गंभीर रूप से घायल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब थाना के सामने स्थित कॉम्प्लेक्स मैदान के पास दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। बाइक सवार तीन अपराधियों ने फल कारोबारी कन्हैया यादव पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, कन्हैया यादव रोज की तरह सुबह टहलने के लिए गोलमुरी थाना के सामने स्थित मैदान में पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अचानक पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने बिना किसी चेतावनी के उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना में कन्हैया यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया। परिजनों के अनुसार, उन्हें दो गोलियां माथे में और एक गोली पैर में लगी है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक डॉक्टरों की टीम उनका ऑपरेशन कर गोली निकालने का प्रयास कर रही है और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
थाना के बिल्कुल सामने हुई इस वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाना के समीप इस तरह की घटना हो सकती है तो आम नागरिक की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
परिजनों ने बताया कि कन्हैया यादव की किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें