गुवा सेल में श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती

SHARE:

Guwa:सेल गुवा में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पूरे श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गुवा क्षेत्र स्थित फिटनेस पार्क में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेल गुवा के मुख्य महाप्रबंधक चन्द्र भूषण कुमार ने की। उन्होंने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को देशभर में संकल्प दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। आज़ादी के आंदोलन में बलिदान देने वाले सभी देशभक्त हमारे लिए सदैव आदरणीय हैं। उनके त्याग और समर्पण को स्मरण करते हुए कृतज्ञता व्यक्त करना हम सबका कर्तव्य है।
मुख्य महाप्रबंधक ने कहा कि गुवा वासियों के लिए सेल प्रबंधन द्वारा नेताजी की भव्य प्रतिमा की स्थापना इसी उद्देश्य से की गई है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती रहे। नेताजी एक महान भारतीय राष्ट्रवादी थे, जिनकी निर्भीक सोच और संघर्षशील नेतृत्व ने करोड़ों भारतीयों के हृदय में अमिट छाप छोड़ी है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नेताजी को आजाद हिंद फौज के संस्थापक के रूप में याद किया और उनके ओजस्वी नारे “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” को आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत बताया। समारोह में सेल गुवा के दर्जनों पदाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
वहीं, झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के यूनियन कार्यालय में भी नेताजी की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे सहित यूनियन पदाधिकारियों एवं सेल कर्मियों ने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

और पढ़ें