Potka:झारखंड आंदोलन के प्रखर योद्धा एवं राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधीर महतो की 12वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को कदमा स्थित उलियान में उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आंदोलनकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर झारखंडी अस्मिता के इस महान सपूत को नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा में पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, इचागढ़ विधायक सविता महतो, पूर्व सांसद सुमन महतो, सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष शुभेंदु अधिकारी, वरिष्ठ नेता मोहन कर्मकार, काब्लू महतो सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्व. सुधीर महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि स्व. सुधीर महतो ने झारखंड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, त्याग और विचारधारा आज भी जनहित एवं राज्यहित में निःस्वार्थ भाव से कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि सुधीर महतो का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा।
सभा में स्व. सुधीर महतो के परिजन, पार्टी के आंदोलनकारी नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान “वीर सुधीर महतो अमर रहें” और “झारखंडी अस्मिता अमर रहे” के गगनभेदी नारों के साथ दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। पूरा वातावरण सम्मान, स्मृति और संघर्ष की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।









