सरायकेला में आपूर्ति व्यवस्था पर सख्ती, उपायुक्त ने दिए पारदर्शिता और समयबद्धता के निर्देश

SHARE:

Seraikela:जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली और धान अधिप्राप्ति को लेकर प्रशासन अब और अधिक सख्त नजर आ रहा है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राशन वितरण से जुड़ी तमाम योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान राशन डीलरों के स्टॉक सत्यापन, ई-केवाईसी की प्रगति, नमक वितरण और धान अधिप्राप्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ केवल पात्र लाभुकों तक ही पहुंचे और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या अपारदर्शिता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि शत-प्रतिशत राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही, जिन लाभुकों द्वारा लंबे समय से राशन का उठाव नहीं किया जा रहा है, उनके नाम विलोपित करने की प्रक्रिया नियमानुसार शुरू करने को कहा गया।
गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र में राशन वितरण से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने इन क्षेत्रों के राशन डीलरों के स्टॉक सत्यापन के लिए जिला स्तरीय टीम गठित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को राशन दुकानों का भौतिक सत्यापन कर स्टॉक मिलान सुनिश्चित करने को कहा।
धान अधिप्राप्ति के मुद्दे पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रगति में सुधार लाने और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के हित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें