बिरसानगर संडे मार्केट में टुसू परंपरा का भव्य उत्सव, शंकर महतो की प्रतिमा रही आकर्षण का केंद्र

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बिरसानगर संडे मार्केट में आयोजित विशाल टुसू मेला एक बार फिर लोकसंस्कृति, परंपरा और सामूहिक उत्सव का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। टुसू मेला समिति के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में श्रद्धा, कला और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
शनिवार को आयोजित मेले का उद्घाटन एवं पुरस्कार वितरण समारोह मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि अमूल्यो सरदार, शिवशंकर सिंह, चंचल लकड़ा, राजेन सिंह सहित कई सम्मानित अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों ने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में घाटशिला काड़ाडुबा निवासी शंकर महतो एवं उनकी टीम की टुसू प्रतिमा ने अपनी कलात्मक प्रस्तुति और पारंपरिक भाव-भंगिमा से निर्णायकों को सर्वाधिक प्रभावित किया और उन्हें सर्वश्रेष्ठ टुसू प्रतिमा का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
द्वितीय पुरस्कार राजनगर पदनामसाई निवासी धनंजय महतो एवं टीम,
तृतीय पुरस्कार घाटशिला घोटीडुबा के आशीष महतो एवं टीम,
जबकि चतुर्थ पुरस्कार मनपीटा निवासी दीपक महतो एवं उनकी टीम को मिला।
इसके अतिरिक्त, अन्य 26 टुसू प्रतिमाओं को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मेले में जमशेदपुर शहर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र से बड़ी संख्या में टुसू प्रेमी पहुंचे। रंग-बिरंगे चौड़ल, पारंपरिक वेशभूषा और लोकगीतों ने मेले को खास बना दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर सांस्कृतिक दलों के नृत्य ने पूरे परिसर को उत्सवमय माहौल से भर दिया, वहीं दर्शकों ने भी तालियों और उत्साह के साथ कलाकारों का हौसला बढ़ाया।
मेले के सफल आयोजन में समिति अध्यक्ष अमूल्यो सरदार, उपाध्यक्ष जोगेश्वर लोहार सहित रतन लोहार, कागजी लोहार, लालमोहन लोहार, प्रेम लोहार, राजेश लोहार, सुभाष लोहार, अनिल लोहार, डेविड नाथन, रामबच्चन सिंह, कमल गोप, गोविंदा पति, रॉबिन लोहार, दशरथ मुंडा और अन्य सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही।
यह टुसू मेला न सिर्फ एक प्रतियोगिता रहा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों तक लोकसंस्कृति को सहेजने और आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.