Jamshedpur : एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा से बेताकोचा टुसू मेला देखकर लौट रहे करीब दो दर्जन से अधिक लोग गुरुवार देर शाम सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। यह हादसा एनएच-33 पर भिलाई पहाड़ी के पास हुआ, जिसमें छह वर्षीय बच्ची विनता मुंडा की मौत हो जाने की सूचना है, जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे और उनके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी सुधा गुप्ता एमजीएम अस्पताल पहुंचीं और घायलों के समुचित इलाज को लेकर अस्पताल प्रबंधन से आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें
ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
इस मौके पर ओमप्रकाश सिंह, नितेश मित्तल, राकेश दास, उत्तम मंडल, नितीश पोद्दार समेत अन्य लोग भी उपस्थित रहे और पीड़ित परिवारों की मदद में जुटे रहे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।









