आदित्य साहू के निर्विरोध निर्वाचन से झारखंड भाजपा में होगा नई ऊर्जा का सूत्रपात : दिनेश कुमार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:झारखंड प्रदेश भाजपा को नया नेतृत्व मिलने के साथ ही संगठन में नई ऊर्जा का संचार होता दिख रहा है। राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के झारखंड प्रदेश भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर बुधवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इसी क्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने सौजन्य भेंट कर आदित्य साहू का अभिनंदन किया और उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर दिनेश कुमार ने कहा कि आदित्य साहू का अध्यक्षीय कार्यकाल संगठन के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उनके नेतृत्व में भाजपा को नई दिशा मिलेगी, संगठनात्मक मजबूती बढ़ेगी और कार्यकर्ताओं में उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आदित्य साहू के मार्गदर्शन में भाजपा झारखंड में जनआकांक्षाओं पर और अधिक मजबूती से खरा उतरेगी।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस मुलाकात के दौरान जमशेदपुर महानगर भाजपा से जुड़े कई कार्यकर्ता भी रांची पहुंचे। कार्यकर्ताओं में अशोक सामन्ता, अंकित आनंद, धनेश्वर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व समर्थक मौजूद रहे। सभी ने आदित्य साहू के नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि अनुभव, संगठनात्मक समझ और समन्वय क्षमता के कारण आदित्य साहू का नेतृत्व भाजपा को आने वाले समय में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनके निर्विरोध निर्वाचन को पार्टी के भीतर एकजुटता और संगठनात्मक परिपक्वता का प्रतीक माना जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.