Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आदित्यपुर में एक बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार, 14 जनवरी 2026 को आदित्यपुर थाना पुलिस ने जय प्रकाश उद्यान के समीप छापेमारी कर ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री करते हुए एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मृत कुख्यात अपराधी रतन लोहार के पुत्र विपुल कर्मकार उर्फ विपुल लोहार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राम मड़ैया बस्ती का निवासी बताया जा रहा है।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस को मंगलवार, 13 जनवरी को गुप्त सूचना मिली थी कि जय प्रकाश उद्यान के आसपास एक युवक नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
बुधवार को जैसे ही पुलिस टीम ने चिह्नित स्थान पर दबिश दी, आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। हालांकि पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ब्राउन शुगर की 26 पुड़िया और एक प्लास्टिक पाउच बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन लगभग 7.58 ग्राम बताया गया है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इस संबंध में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 15/26 के तहत NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस छापेमारी दल में थाना प्रभारी बिनोद तिर्की के साथ पु०अ०नि० सुधांशु कुमार, सुरेश राम सहित कई पुलिस जवान शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।









