अंधेरे में खड़े ट्रक से टकराई बाइक, कांड्रा में दर्दनाक हादसे में युवक की मौत, बच्चा गंभीर घायल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela:कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत चार्डी मोड़ से पहले मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सरायकेला की ओर से आ रही एक बाइक अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक संख्या JH 05EB 2808 सरायकेला की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर खड़े ट्रक संख्या JH 06R 9122 से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक का टायर बदला जा रहा था और वाहन सड़क पर ही खड़ा था। अंधेरा होने के बावजूद ट्रक पर न तो कोई रिफ्लेक्टर लगाया गया था और न ही कोई चेतावनी संकेत, जिससे बाइक सवार को खड़े ट्रक का अंदाजा नहीं हो सका।
टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे संजय हांसदा, कालीचरण किस्कू और शिवचरण किस्कू ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चे को पीसीआर वाहन की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
मृतक की पहचान करनो कुंभकार, निवासी ग्राम आदरडीह (नीमडीह थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में बीरबांस में रहकर रामकृष्णा फॉर्जिंग कंपनी में कार्यरत था। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस के साथ सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात के समय सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.