बोकना गांव में राजनीतिक साजिश का आरोप, मकर संक्रांति के बाद मानहानि केस की चेतावनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Noamundi:नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत बड़ाजामदा थाना क्षेत्र के बोकना गांव में राजनीतिक साजिश को लेकर माहौल गरमा गया है। गांव के मुंडा विक्रम चाम्पिया ने कुछ तथाकथित नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि गांव में अपना वर्चस्व स्थापित करने के उद्देश्य से भोले-भाले ग्रामीणों को बहला-फुसलाया जा रहा है और उनके नाम का दुरुपयोग किया जा रहा है।
रविवार को अपने आवास पर आयोजित ग्रामीणों की बैठक में मुंडा विक्रम चाम्पिया ने कहा कि हाल के दिनों में कंबल वितरण के बहाने ग्रामीणों को एकत्र कर अखबारों के माध्यम से कंपनियों के खिलाफ भ्रामक और गलत संदेश फैलाया गया। इसका मकसद गांव में भ्रम की स्थिति पैदा करना और मुंडा की छवि को धूमिल करना है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बोकना गांव के लोग लंबे समय से आपसी सौहार्द और शांति के साथ रह रहे हैं। खदानें बंद होने के कारण क्षेत्र पहले ही बेरोजगारी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है, ऐसे समय में गांव को राजनीतिक अखाड़ा बनाना निंदनीय है।
मुंडा विक्रम चाम्पिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस तरह की गतिविधियां नहीं रुकीं तो मकर संक्रांति के बाद दोषियों के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुंडा का दायित्व गांव के विकास, शांति और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान से जुड़ा होता है, न कि किसी राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने से।
बैठक में उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते हाथी आतंक का भी मुद्दा उठाया। बताया कि बीते नौ दिनों में दंतैल हाथी के हमलों में 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे पूरा इलाका भय और दहशत के साए में है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने गंभीर मुद्दों को छोड़कर कुछ लोग गांव में राजनीति चमकाने में क्यों लगे हुए हैं।
ग्रामीणों ने भी एक स्वर में गांव की एकता बनाए रखने, शांति भंग करने वाले तत्वों की पहचान करने और किसी भी प्रकार की साजिश का विरोध करने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.