पोटका की 131 पीडीएस दुकानों को मिली 4G ई-पॉस मशीन, 2G की समस्या से मिली बड़ी राहत

SHARE:

Potka:झारखंड सरकार के सार्वजनिक खाद्य वितरण विभाग की ओर से पोटका प्रखंड में राशन वितरण व्यवस्था को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। प्रखंड की सभी 131 पीडीएस दुकानों को अत्याधुनिक 4G ई-पॉस मशीन उपलब्ध करा दी गई है। लंबे समय से 2G नेटवर्क आधारित मशीनों के कारण राशन कार्डधारकों को लेन-देन में बार-बार तकनीकी बाधाओं का सामना करना पड़ता था, जिससे वितरण प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी।
विभाग की इस पहल से न केवल नेटवर्क संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी, बल्कि राशन वितरण प्रणाली और अधिक पारदर्शी, तेज़ एवं भरोसेमंद बनेगी। स्थानीय उपभोक्ताओं और पीडीएस दुकानदारों ने भी इसे समय की मांग बताते हुए सराहना की है।
लोकप्रिय विधायक श्री संजीव सरदार की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधिमंडल के रूप में श्री भरत सरदार एवं श्री तरुण सरदार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों प्रतिनिधियों ने दुकानदारों के बीच 4G ई-पॉस मशीन का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम जनता को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से लगातार तकनीकी सुधार कर रही है और यह कदम उसी कड़ी का हिस्सा है।
कार्यक्रम में झामुमो पोटका प्रखंड कमेटी के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व जिला परिषद सदस्य तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताते हुए झारखंड सरकार और विधायक संजीव सरदार के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, सचिव भूवनेश्वर सरदार, पीडीएस दुकानदार संघ के अध्यक्ष अनवर अली, महासचिव जितेंद्र गुप्ता, साथ ही द्वारका प्रसाद गुप्ता, फणीभूषण पाल, भृगु कालिंदी, सागर गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment