कपाली में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने का था मंसूबा

SHARE:

Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र में पुलिस ने अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कपाली ओपी पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार युवक के पास से एक अवैध 7.65 एमएम पिस्टल (जिस पर USA अंकित है) और दो जिंदा गोली बरामद की गई है।
पुलिस की गिरफ्त में आया युवक कपाली के हाशमी मोहल्ला का रहने वाला शेख इरफान है, जिसकी उम्र लगभग 19 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक पिछले कुछ दिनों से इलाके में अवैध पिस्टौल लहराते हुए वीडियो रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा था। इन हरकतों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे थे।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की मंशा केवल सोशल मीडिया पर रौब झाड़ने तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह रंगदारी वसूलने की फिराक में भी था। इसी इनपुट के आधार पर कपाली ओपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि आरोपी युवक के पीछे कौन लोग शामिल हैं और उसे अवैध हथियार किसके माध्यम से उपलब्ध कराया गया। यह भी जांच की जा रही है कि वह किसी संगठित गिरोह के संपर्क में तो नहीं था।
पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने कपाली पुलिस की सक्रियता और सख्ती की खुलकर सराहना की है।
पुलिस प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment