Adityapur:कोल्हान क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक क्षण आने वाला है। आदित्यपुर में नवनिर्मित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NSMCH) का औपचारिक उद्घाटन शुक्रवार, 9 जनवरी को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन को लेकर कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
650 बेड का अत्याधुनिक निजी अस्पताल
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कॉलेज के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि यह कोल्हान क्षेत्र का एकमात्र 650 बेड का निजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल है, जो अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है। उन्होंने कहा कि NSMCH न केवल इलाज का केंद्र बनेगा, बल्कि मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री के साथ कई विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मदन मोहन पब्लिक स्कूल परिसर में हेलीपैड का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 1:00 बजे यहां उतरेगा। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मेडिकल कॉलेज के छात्रों को संबोधित भी करेंगे।
फिलहाल मुफ्त ओपीडी, फरवरी से सुपर-स्पेशियलिटी सेवाएं
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, आम जनता को राहत देते हुए फिलहाल मुफ्त ओपीडी सेवा शुरू की गई है। वहीं, फरवरी माह से कैथलैब और एमआरआई जैसी सुपर-स्पेशियलिटी सेवाएं भी शुरू कर दी जाएंगी।
भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रबंधन ने बताया कि एनएमसी (NMC) मानकों के अनुरूप अस्पताल की क्षमता को 650 बेड से बढ़ाकर 950 बेड करने की योजना है।
कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में बिहटा स्थित नेताजी मेडिकल कॉलेज के प्रबंध निदेशक कृष्ण मुरारी, प्रिंसिपल डॉ. के. एन. सिंह, कोऑर्डिनेटर डॉ. एन. के. सिन्हा, रजिस्ट्रार नागेंद्र कुमार, मृत्युंजय झा सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कोल्हान के लिए यह मेडिकल कॉलेज न केवल बेहतर इलाज की उम्मीद जगाता है, बल्कि क्षेत्र को मेडिकल एजुकेशन के नए नक्शे पर भी स्थापित करने जा रहा है।









