आदित्यपुर में सब्जी मंडी बना जाम का कारण

SHARE:

Adityapur:आदित्यपुर के शेरे पंजाब चौक से लेकर आदित्यपुर थाना गेट तक की सड़क आम नागरिकों के लिए इन दिनों किसी दैनिक परीक्षा से कम नहीं रह गई है। कभी सब्जी खरीदने निकले लोग, तो कभी अस्पताल, कचहरी या रेलवे स्टेशन जाने वाले नागरिक—सभी को घंटों जाम से जूझना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि समस्या थाना परिसर के ठीक सामने है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर आम जनता को केवल आश्वासन ही मिल रहा है।
राष्ट्रपति के हालिया आगमन से पहले प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को हटाया था। उस दौरान आदित्यपुर थाना की सक्रियता साफ नजर आई। राष्ट्रपति के प्रस्थान के बाद भी दो-तीन दिन तक अभियान जारी रहा, जिससे लोगों को राहत मिली। लेकिन अब हालात फिर वहीं पहुंच गए हैं—सब्जी मंडी ने एक बार फिर सड़क पर कब्जा जमा लिया है।
सब्जी विक्रेताओं की मनमानी, प्रशासन मौन
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सब्जी विक्रेता बीच सड़क पर बेधड़क दुकान लगाकर यातायात बाधित कर रहे हैं। पहले जिन दुकानों को हटाया गया था, वे अब फिर से उसी जगह सजी दिख रही हैं। सवाल यह उठता है कि जब पहले कार्रवाई संभव थी, तो अब आदित्यपुर थाना और यातायात थाना असहाय क्यों दिख रहे हैं?
नागरिकों का कहना है कि कुछ प्रभावशाली स्थानीय लोगों के सहयोग से सब्जी विक्रेताओं ने दोबारा सड़क पर कब्जा कर लिया है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
अस्पताल से कचहरी तक जाना हुआ मुश्किल
सब्जी मंडी की वजह से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पीएचईडी विभाग, बिजली विभाग, तहसील कचहरी और रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जो रास्ता कभी 5 मिनट में तय हो जाता था, अब वही सफर आधे घंटे से ज्यादा ले रहा है। एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के लिए यह स्थिति और भी चिंताजनक है।

यातायात व्यवस्था पर बड़ा सवाल
आदित्यपुर थाना क्षेत्र में यातायात थाना भी सक्रिय है, बावजूद इसके सड़क जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है। पहले दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि वे थाना रोड छोड़कर अन्य निर्धारित स्थानों पर दुकान लगाएं, लेकिन उन निर्देशों का पालन आज कहीं नजर नहीं आता।
स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन स्थायी समाधान निकाले, न कि केवल वीआईपी मूवमेंट के समय ही सख्ती दिखाए। यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

Leave a Comment