सोलर जलमीनार से टाइमर चोरी, 150 ग्रामीणों पर मंडराया पेयजल संकट

SHARE:

Guwa:बिनुवा गांव के अंकुआ टोले में शुक्रवार की रात शरारती तत्वों ने सरकारी सोलर जलमीनार को निशाना बनाते हुए उसका टाइमर चोरी कर लिया। इस घटना के बाद जलमीनार से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे टोले के लगभग 150 ग्रामीणों के सामने गंभीर पेयजल संकट खड़ा हो गया है।
अंकुआ टोला, जहां महज 15 से 20 घर हैं, पूरी तरह इसी सोलर जलमीनार पर निर्भर था। शनिवार सुबह जब महिलाएं रोजमर्रा की तरह पानी भरने पहुंचीं, तो उन्होंने पाया कि जलमीनार से पानी नहीं आ रहा है। जांच करने पर पता चला कि रात में ही टाइमर खोलकर चोरी कर लिया गया है।
ग्रामीण प्रकाश सिद्धू और राजकुमार लोहार ने बताया कि जलमीनार बंद होने के कारण अब ग्रामीणों को मजबूरन पास की हंसागाढ़ा नदी से पानी लाना पड़ रहा है। इससे खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस चोरी की सूचना संबंधित विभाग को दी जाएगी और जल्द से जल्द नया टाइमर लगाकर जलमीनार को पुनः चालू करने की मांग की जाएगी। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Comment