मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा जयंती पर कोटगढ़ में भव्य आयोजन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa:आदिवासी समाज के महान नेता, स्वतंत्रता सेनानी और संविधान निर्माता मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जयंती के अवसर पर गवा प्रखंड अंतर्गत कोटगढ़ में शनिवार को भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन सेतेंग दाः षिरजोन, नोवामुंडी के तत्वावधान में “जयपाल सिंह मुंडा प्रतिमा अनावरण सह दीपुरी सम्मेलन” के रूप में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु रहे। उन्होंने विधिवत रूप से फीता काटकर मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा के अनावरण के साथ ही पूरा परिसर “मरांग गोमके अमर रहें” के नारों से गूंज उठा और उपस्थित जनसमूह ने उनके संघर्ष और योगदान को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की एक ऐतिहासिक घोषणा के तहत कोटगढ़ बस स्टैंड का नाम बदलकर “जयपाल सिंह मुंडा चौक” रखे जाने की जानकारी दी गई। इस घोषणा से क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने इसे आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने वाला कदम बताया।
अपने संबोधन में विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा ने आदिवासी समाज को अधिकार, शिक्षा और सम्मान की लड़ाई लड़ना सिखाया। उनका जीवन आज भी संघर्ष और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से जयपाल सिंह मुंडा के विचारों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में अमरजीत लगुरी, भीमसिंह चातोम्बा, शंकर चातोम्बा, चंद्रमोहन चातोम्बा, सुमित बालमुचू, बुधराम चंपिया, निरंजन बोबोंगा, सुरेंद्र चातोम्बा, सुनील पूरती, बामिया चंपिया, जगदीश सिंकु, नोवामुंडी कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंजीत प्रधान, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मामूर अंसारी, पेटेता मुखिया जेना पूर्ती, मुंडा सोमनाथ सिंकु, प्रदीप प्रधान, रंजीत गगराई, रोशन पान, क्रांति तिरिया, अजय लगुरी, मोरान सिंह केराई, सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, युवा, महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, गौरव और आदिवासी चेतना से ओत-प्रोत रहा। यह आयोजन न केवल मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा को स्मरण और सम्मान देने का अवसर बना, बल्कि आदिवासी समाज की एकता और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूती प्रदान करता दिखा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.