जर्जर सड़कें, चालू टोल—सरायकेला में जनआक्रोश, विधायक प्रतिनिधि ने अधिकारियों को घेरा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela:जिले की सड़कों की बदहाली अब सिर्फ असुविधा नहीं, बल्कि जनसुरक्षा का गंभीर सवाल बन चुकी है। गड्ढों से पटी राष्ट्रीय राजमार्गों पर रोज़ाना हो रहे हादसों के बीच टोल वसूली जारी रहने को लेकर शनिवार को प्रशासनिक गलियारों में तीखी नाराज़गी देखने को मिली। सरायकेला विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य ने जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो और पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता अशोक रजक से मुलाकात कर जेआरडीसीएल की कार्यप्रणाली पर कड़ा ऐतराज़ दर्ज कराया।
विधायक प्रतिनिधि ने दो टूक कहा कि जब तक सड़कें दुरुस्त नहीं होंगी, तब तक टोल वसूली किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। उनका आरोप है कि जिले के भीतर संचालित तीनों टोल प्लाजा सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में आते हैं, लेकिन सड़क की हालत इतनी खराब है कि वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ रही है। इसके बावजूद एजेंसी द्वारा लगातार टोल वसूला जाना आम जनता के साथ सीधा अन्याय है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रतिनिधि ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक चंपई सोरेन से भी दूरभाष पर अधिकारियों की बात कराई। बातचीत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कड़ी आपत्ति जताते हुए जेआरडीसीएल को तत्काल प्रभाव से मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया और स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।
प्रशासनिक स्तर पर भी सख्त रुख सामने आया। जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने जेआरडीसीएल के अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सड़क मरम्मत में लापरवाही बरती गई तो टोल वसूली पर रोक लगाने से प्रशासन पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
ज़मीनी हकीकत यह है कि सरायकेला की इन सड़कों पर हर दिन सैकड़ों वाहन चलते हैं। गड्ढों से भरी सड़कें न सिर्फ सफर को धीमा करती हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो रही हैं। अब देखना यह है कि चेतावनी के बाद एजेंसी कितनी तेज़ी से ज़िम्मेदारी निभाती है, या फिर जनता को अपने हक के लिए और आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.