Jamshedpur : झारखंड क्षत्रिय महिला संघ की ओर से रविवार को दलमा व्यू प्वाइंट मरीन ड्राइव में भव्य वनभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संघ की अध्यक्ष डॉ. कविता परमार एवं मंजू सिंह के नेतृत्व में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर साकची, टेल्को, बागबेड़ा, सीताराम डेरा, बिष्टुपुर, कदमा, आदित्यपुर, सितगोड़ा, सुंदरनगर और गोविंदपुर इकाई से बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज की महिलाएं शामिल हुईं।
वनभोज के दौरान मनोरंजन के लिए कई प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिताओं का संचालन प्रीति, शिवानी, अर्चना और रीता द्वारा किया गया। म्यूजिकल चेयर, पासिंग बॉल और हाउजी जैसे खेलों में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रत्येक खेल में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान परिचय सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया। लगभग ढाई सौ महिलाओं की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया। इसके साथ ही समाज को किस प्रकार और अधिक संगठित, सशक्त एवं उन्नत बनाया जाए, इस विषय पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा भी हुई।
वनभोज को सफल बनाने में सभी इकाइयों की अध्यक्षाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संघ की संरक्षिकाएं देविका सिंह, मंजू रानी सिंह, सत्या सिंह एवं प्रतिमा सिंह ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए समाज हित में अपने बहुमूल्य सुझाव भी साझा किए।









