Chaibasa : नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर गुवा क्षेत्र में उल्लास और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है। नए साल की पूर्व संध्या पर गुवा की विभिन्न बस्तियों और कॉलोनियों में रंग-बिरंगी लाइटों से भव्य सजावट की गई है। घरों के साथ-साथ दुकानों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को भी रोशनी से सजाया गया है, जिससे शाम होते ही पूरा क्षेत्र जगमगा उठता है।
स्थानीय लोगों में नए साल को लेकर खासा उत्साह है। युवा वर्ग और सामाजिक संगठनों द्वारा सजावट के साथ-साथ नववर्ष समारोह की तैयारियां भी जोर-शोर से की जा रही हैं। 31 दिसंबर की रात जैसे ही घड़ी की सुई 12 बजेगी, वैसे ही आतिशबाजी के साथ नववर्ष 2026 का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान लोग नाचते-गाते एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देंगे और केक काटकर खुशियां साझा करेंगे। कई कॉलोनियों में सामूहिक रूप से कार्यक्रम आयोजित करने की योजनाएं भी बनाई गई हैं।
नए साल को लेकर बाजारों में भी खास रौनक देखने को मिल रही है। केक, सजावटी सामग्री, लाइट और उपहारों की खरीदारी के लिए लोग बड़ी संख्या में बाजारों का रुख कर रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी नववर्ष को लेकर अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
वहीं स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन नए साल के जश्न के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से आतिशबाजी करने पर जोर दिया जा रहा है। कुल मिलाकर, गुवा में नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर खुशी, उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है।









