Jamshedpur : कुड़मी महतो डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा वनभोज सह मिलन समारोह का आयोजन पूड़ीसिल्ली, डोबो–कंदरबेरा स्थित “दि नेचर वाइबिस रिसोर्ट” में सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कुड़मी समाज के महान कुशल नेतृत्वकर्ता, दूरदर्शी एवं सामाजिक नेता शहीद निर्मल महतो की जयंती पर उन्हें शत्–शत् नमन कर उनके आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ हुई।
मिलन समारोह के दौरान डॉ. रामकृष्णा महतो के शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय, धनबाद में प्राचार्य पद पर पदस्थापित होने पर कुड़मी महतो डॉक्टर्स एसोसिएशन की ओर से उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर केक काटकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत डॉ. आलोक रंजन महतो एवं डॉ. पूनम मेहता द्वारा उपस्थित सदस्यों का परिचय कराकर की गई।
डॉ. सुषमा रानी ने अपने संबोधन में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान पर जोर देते हुए समाज की बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला कुष्ठ परामर्शी, पूर्वी सिंहभूम डॉ. राजीव लोचन महतो ने कहा कि समाज के समग्र उत्थान के लिए सभी को मिलकर सार्थक और सकारात्मक पहल करनी चाहिए।
वहीं डॉ. विजय कुमार एवं डॉ. पंकज कुमार ने समाज की युवा पीढ़ी से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील की।
अपने संबोधन में डॉ. रामकृष्णा महतो ने कहा कि समाज को जोड़ने, संगठित करने और उसके उत्थान के लिए युवाओं की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है।
मिलन समारोह में चाकूलिया के पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेश चंद्र महतो, डॉ. शिप्रा कुमारी, डॉ. पंकज कुमार महतो, डॉ. अनंत कुमार महतो, डॉ. विजय महतो, डॉ. पूनम मेहता, डॉ. आलोक रंजन महतो, डॉ. सुषमा रानी, डॉ. बसंत महतो, डॉ. प्रदीप महतो, डॉ. रामकृष्णा महतो, डॉ. रीता महतो एवं डॉ. राजीव लोचन महतो समेत अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्द, आपसी संवाद और सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ संपन्न हुआ।









