Jamshedpur:झारखण्ड अलग राज्य आंदोलन के प्रणेता, महान आंदोलनकारी वीर शहीद निर्मल महतो जी की जन्म जयंती के अवसर पर गुरुवार को जमशेदपुर के कदमा क्षेत्र में श्रद्धा और सम्मान का भाव देखने को मिला। इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार कदमा पहुंचे और वीर शहीद निर्मल महतो जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि वीर शहीद निर्मल महतो का जीवन झारखण्ड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा, “उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को कोटि-कोटि नमन है। उन्होंने जिस उद्देश्य के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, वह आज भी हम सभी के लिए मार्गदर्शक है।”
विधायक ने आगे कहा कि शहीद निर्मल महतो का संघर्ष केवल अपने समय तक सीमित नहीं था, बल्कि वह आने वाली कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से शहीद के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आम नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने पुष्प अर्पित कर वीर शहीद को श्रद्धांजलि दी। वातावरण “शहीद निर्मल महतो अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।









