ग्रामीण विकास और मत्स्य पालन पर केंद्रित डॉ. प्रियंका झा की नई पुस्तक का भव्य लोकार्पण

SHARE:

Jamshedpur:झारखंड की चर्चित पर्यावरणविद, लेखिका एवं शिक्षिका डॉ. प्रियंका झा की नई पुस्तक “The Role of Fisheries in Food Security and Rural Development” का विधिवत विमोचन सोमवार को जमशेदपुर में संपन्न हुआ। अवसर था जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम एवं प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह का।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ एवं आदिवासी कल्याण मंत्री चमरा लिंडा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अपर उपायुक्त भागीरथ प्रसाद, डीपीआरओ पंचानन उरांव तथा मुख्य वक्ता के रूप में प्रभात खबर के पूर्व संपादक एवं वरिष्ठ लेखक अनुज सिन्हा शामिल हुए।
मंच पर शहर के प्रख्यात संपादकगण, करीम सिटी कॉलेज (मास कम्युनिकेशन विभाग) की विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा तिवारी, शिक्षाविद डॉ. त्रिपुरा झा और एस.के. ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज एवं महासचिव विकास श्रीवास्तव ने की।
इस अवसर पर लेखिका डॉ. प्रियंका झा ने अपनी पुस्तक के विषयवस्तु पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कृति ग्रामीण विकास और मत्स्य पालन की भूमिका को केंद्र में रखकर लिखी गई है। उन्होंने कहा कि पुस्तक को आकार देने में उन्हें लगभग दो वर्षों का समय लगा। इसका मुख्य उद्देश्य पाठकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को यह समझाना है कि किस प्रकार मत्स्य पालन खाद्य सुरक्षा, पोषण, और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में निर्णायक भूमिका निभाता है।
डॉ. झा ने बताया कि मत्स्य पालन न केवल रोजगार सृजन का माध्यम है, बल्कि यह सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन का भी एक सशक्त प्रेरक है, जो विशेष रूप से कमजोर वर्गों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है। यह पुस्तक मत्स्य विषय में अध्ययनरत विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
गौरतलब है कि इससे पूर्व डॉ. प्रियंका झा की पहली पुस्तक क्लाइमेट चेंज पर आधारित थी, जिसने पर्यावरणीय मुद्दों पर गंभीर विमर्श को बल दिया था। नई पुस्तक उसी वैचारिक यात्रा का विस्तार है, जो अब ग्रामीण विकास और खाद्य सुरक्षा की दिशा में केंद्रित है।
कार्यक्रम के दौरान शहर के वरिष्ठ पत्रकारों, संपादकों, बुद्धिजीवियों और पाठकों की बड़ी उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।
यह पुस्तक देश के प्रमुख बुकस्टोर्स के साथ-साथ Amazon और Flipkart पर भी उपलब्ध है।

Leave a Comment