Adityapur:आदित्यपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार शाम पान दुकान चौक के समीप स्थित आशियाना पेट्रोल पंप पर कुछ असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। मामूली विवाद से शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी, जिसमें पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और पैसे की झींताई तक की घटना सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो बाइक पर सवार दो युवक एक महिला के साथ पेट्रोल भरवाने पंप पर पहुंचे थे। पेट्रोल देने में थोड़ी देर होने पर युवक पंप कर्मी से उलझ पड़े। पहले कहासुनी हुई, फिर गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख युवकों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में बाहर से पहुंचे युवकों ने पेट्रोल पंप परिसर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया।
उपद्रवियों ने पंप कार्यालय के शीशे का दरवाजा तोड़ दिया, कर्मचारियों के साथ मारपीट की और एक कर्मचारी की जेब में रखे रुपये भी छिन लिए। पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें हमलावरों की गतिविधियां साफ तौर पर देखी जा सकती हैं।
घटना के संबंध में पेट्रोल पंप कर्मचारी विशाल मुखी ने बताया कि तेल देने में थोड़ी देरी हो गई थी, इसी बात पर युवक आपा खो बैठे। गाली-गलौज के बाद उन्होंने अपने साथियों को बुलाया और फिर मारपीट, पैसे की झींताई व कार्यालय में तोड़फोड़ की।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि व्यस्त चौक और पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटना होना पुलिस की गश्ती और सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस कितनी तेजी से आरोपियों को गिरफ्तार कर इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगा पाती है, या फिर असामाजिक तत्वों के हौसले यूं ही बुलंद होते रहेंगे।









