आदित्यपुर में रेलवे लाइन के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur:औद्योगिक क्षेत्र आदित्यपुर के विद्युत नगर स्थित रेलवे लाइन के समीप रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा। सुबह करीब 11:00 बजे शव पर नजर पड़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल इसकी सूचना आदित्यपुर थाना पुलिस को दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक ने काले रंग का लोअर और चेक शर्ट पहन रखा था। शव की हालत और शरीर पर खून के निशान देखकर स्थानीय लोगों में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक कौन था और घटनास्थल तक कैसे पहुंचा।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.