Chaibasa:डीजीएम चाईबासा के तत्वावधान में तथा सेल गुवा–चिड़िया माइंस के मुख्य महाप्रबंधक चंद्र भूषण कुमार के मार्गदर्शन में सेल चिड़िया माइंस का 63वां खान सुरक्षा सप्ताह पूरे उत्साह और जागरूकता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर फाइनल पब्लिसिटी प्रोपेगेंडा (प्रचार-प्रसार) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता का स्पष्ट संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक (खनन) एमओएम, चिड़िया रवि रंजन ने लाल फीता काटकर एवं सुरक्षा दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द सेल चिड़िया माइंस की शुरुआत होने जा रही है, ऐसे में क्षेत्र के हर व्यक्ति को सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। “सुरक्षा कवच को अपनाना हम सभी की जिम्मेदारी है,” उन्होंने जोर देकर कहा।
स्टॉल निरीक्षण में दिखी सुरक्षा की जीवंत झलक
सेल सुरक्षा मुख्य द्वार से जीएम (खनन) रवि रंजन के नेतृत्व में निरीक्षण दल—कार्यक्रम संयोजक आर.के. पात्री, यूसीआईएल के प्रतिनिधि आर.के. श्रीवास्तव, वाई.के. सिंह, अरुण कुमार, औशुमन बेहरा, चिकित्सक डॉ. सुशांत कुमार एवं हरिहर महंत—द्वारा विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया गया।
इनमें
स्थानीय मिडिल स्कूल के सेफ्टी पोस्टर व स्लोगन,
डीएवी चिड़िया स्कूल के सुरक्षा नारे,
इस्को मिडिल स्कूल के बच्चों का नुक्कड़ नाटक,
सेल कर्मियों द्वारा तैयार खनन कार्यशील मॉडल,
मेडिकल, सीएसआर, तीरंदाजी एवं आपातकालीन चिकित्सा प्रशिक्षण स्टॉल शामिल रहे।
सभी प्रस्तुतियों की अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
सभा में गूंजा सुरक्षा का संदेश
दूसरे चरण में मंचीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। डीएवी चिड़िया स्कूल के बच्चों ने प्राचार्य डॉ. शिव नारायण सिंह के नेतृत्व में अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम संयोजक आर.के. पात्री ने कहा कि “स्वस्थ कामगार ही सुरक्षित रोजगार की नींव है।”
यूसीआईएल प्रतिनिधि आर.के. श्रीवास्तव ने खनन जैसे जोखिम भरे कार्य में अतिरिक्त सुरक्षा की आवश्यकता पर बल दिया।
स्वास्थ्य और संस्कृति का सुंदर संगम
डॉ. सुशांत कुमार एवं डॉ. नीतू कुमारी ने डस्ट से होने वाली बीमारियों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं वरीय माइनिंग मेट देवेंद्र कु यादव का खान सुरक्षा गीत श्रोताओं के बीच बेहद लोकप्रिय रहा।
डीएवी चिड़िया एवं इस्को मिडिल स्कूल के बच्चों ने स्वागत गान, कब्बाली, फ्यूजन डांस और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में जान फूंक दी। बच्चों की प्रस्तुति को उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने खूब सराहा।
धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन उप महाप्रबंधक एस.एस. राव ने किया। जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव ने कड़ाके की ठंड में भी बच्चों की शानदार प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए कहा कि “सेल चिड़िया का यह सुरक्षा उत्सव वास्तव में अनुकरणीय है।”









