सारंडा क्षेत्र के विद्यालयों में पीटीएम आयोजित, शैक्षणिक गुणवत्ता व अभिभावक–शिक्षक समन्वय पर जोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa  : विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने तथा अभिभावक–शिक्षक समन्वय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मनोहरपुर प्रखंड के सुदूरवर्ती सारंडा क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय दिकुपोंगा एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय मारंगपोंगा में अभिभावक–शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीपीओ) संतोष गुप्ता ने की।

बैठक के दौरान पीटीएम के उद्देश्यों और महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने, छात्रों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने तथा किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित न रहने देने पर विशेष बल दिया।

शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ मिलकर छात्रों में उत्पन्न लर्निंग गैप की पहचान करने और उसे दूर करने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर अभिभावकों को उनके बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं में प्राप्त उपलब्धियों एवं समग्र प्रगति की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

बैठक में बताया गया कि पीटीएम का प्रमुख उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षकों के बीच सहयोग एवं संवाद को सशक्त करना है, ताकि बच्चों की शिक्षा में माता-पिता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके। साथ ही, अभिभावकों को व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी देकर छात्रों के भविष्य के लिए बेहतर मार्गदर्शन देने पर भी चर्चा हुई।

अधिकारियों एवं शिक्षकों ने संयुक्त रूप से कहा कि पीटीएम न केवल शैक्षणिक सुधार का प्रभावी माध्यम है, बल्कि यह विद्यालय, शिक्षक और अभिभावकों के बीच सेतु बनकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें