आदित्यपुर–कांड्रा सड़क पर रोशनी की किरण, 14 साल बाद पूरा होगा स्ट्रीट लाइट का सपना

SHARE:

Adityapur : आदित्यपुर–कांड्रा मुख्य सड़क पर प्रतिदिन आवागमन करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। करीब 15.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर वर्षों से चली आ रही अंधेरे की समस्या अब समाप्त होने जा रही है। शेष बचे 8.5 किलोमीटर हिस्से में स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि इस सड़क के 6.9 किलोमीटर हिस्से में सितंबर 2011 में जे.ए.आर.डी.सी.एल. द्वारा स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी, लेकिन शेष मार्ग वर्षों से अंधेरे में डूबा रहा। इसके कारण सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ती जा रही थी। सामाजिक संगठन जनकल्याण मोर्चा द्वारा कई बार पत्राचार और मांग उठाए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।

इस गंभीर समस्या को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने संज्ञान में लिया। उनके प्रयास और झारखंड सरकार के पथ निर्माण सचिव सुनील कुमार के सहयोग से अब सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत शेष हिस्से में स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था की गई है। इसे जनहित में एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम माना जा रहा है।

परियोजना के तहत आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी आरकेएफएल ने कार्य प्रारंभ कर दिया है। जानकारी के अनुसार करीब 260 स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएंगे, जो हर 35 मीटर की दूरी पर 12 मीटर ऊंचे होंगे। यह कार्य लगभग तीन महीने में पूरा होने की संभावना है।

स्ट्रीट लाइट लगने से न केवल रात में यात्रा अधिक सुरक्षित होगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी, स्थानीय व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों और आम आवागमन में भी सुधार होगा।

गौरतलब है कि इससे पूर्व दुर्गा पूजा के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के प्रयास से दर्जनों खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई गई थी, जिससे तत्काल राहत मिली थी। अब पूरे मार्ग पर स्थायी रूप से रोशनी उपलब्ध होगी।

इस उपलब्धि पर जनकल्याण मोर्चा आदित्यपुर, झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन तथा आदित्यपुर अधिवक्ता संघ ने उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को हार्दिक बधाई दी है। साथ ही आरकेएफएल कंपनी की भी सराहना की गई है, जिसने अपने सामाजिक दायित्व के तहत इस महत्वपूर्ण परियोजना का दूसरा चरण शुरू किया है।

Leave a Comment