Adiryapur : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर चौका थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब माफियाओं पर करारा प्रहार किया है। चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत मतकमडीह पंचायत के ग्राम बांसडुंगरी में संचालित अवैध शराब भट्टी पर छापामारी कर पुलिस ने मौके से करीब 50 किलो जावा महुआ को विनष्ट किया, वहीं शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को जप्त किया गया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छापामारी के दौरान पुलिस ने शराब बनाने के बर्तन, ड्रम, पाइपलाइन सहित अन्य सामग्रियां जब्त कीं। यह पूरी कार्रवाई चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम ने पूरी गोपनीयता और सतर्कता बरती। वहीं, भट्टी संचालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि अवैध शराब कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस धंधे में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अवैध शराब निर्माण और बिक्री से जुड़ी जानकारी पुलिस को दें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और संतोष देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की पहल का स्वागत किया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने भी चौका थाना पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।
पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में खौफ का माहौल बना है, बल्कि नशाखोरी और उससे जुड़े अपराधों पर भी प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।









