Seraikela:आगामी माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2025-26 को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी तेज हो गई है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में परीक्षा केंद्र चयन हेतु जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले के विभिन्न विद्यालयों की आधारभूत संरचना, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और कक्ष क्षमता का परीक्षण किया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखंडों से प्राप्त विद्यालयों की उपयुक्तता रिपोर्टें प्रस्तुत की गईं, जिनका समिति द्वारा बारीकी से विश्लेषण किया गया।
रिपोर्टों के मूल्यांकन के बाद समिति ने मैट्रिक परीक्षा के लिए 42 तथा इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 30 परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची तैयार की। तय किया गया कि इस संस्तुत सूची को अंतिम अनुमोदन हेतु JAC को भेजा जाएगा।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और शांत वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समयपूर्व सुनिश्चित किए जाएंगे।









