Seraikela:उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग से संबंधित योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसी ने स्पष्ट कहा कि विभागीय योजनाओं का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभुकों तक समय पर, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवा पहुँचाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी भरे अंदाज में निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), खाद्यान्न आपूर्ति, दाल-भात केंद्र, डाकिया योजना, धान अधिप्राप्ति–भुगतान, चावल दिवस, सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना, NFSA अंतर्गत खाद्यान्न वितरण, आयुष्मान भारत योजना तथा ई-केवाईसी जैसे अहम मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।
ई-केवाईसी में तेजी, सहयोग न करने वाले लाभुकों पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने कहा कि सभी राशन कार्डधारियों की ई-केवाईसी हर हाल में शीघ्र पूर्ण कराई जाए। जहाँ नेटवर्क या तकनीकी दिक्कतें हैं, वहाँ विशेष शिविर लगाकर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने साफ कहा—“जो लाभुक अनावश्यक विलंब कर रहे हैं, उनकी स्थलीय जाँच कर नियमानुसार नाम विलोपित करने की कार्रवाई शुरू करें।”
PDS डीलरों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश
डीसी ने कहा कि खाद्यान्न वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता या शिकायत पर तत्काल जाँच की जाए। दोषी पाए जाने पर डीलरों पर सख्त कार्रवाई होगी।
साथ ही निलंबित डीलरों से संबंधित सभी जाँच प्रतिवेदन शीघ्र जिला मुख्यालय में उपलब्ध कराने को कहा।
खाद्यान्न भंडारण और वितरण पर कड़ी निगरानी
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि—
सभी गोदामों में खाद्यान्न बोरियों का भंडारण मानक के अनुरूप हो
नमक सहित सभी वस्तुओं के वितरण में लक्ष्य पूर्ण हो
दिसंबर माह के वितरण कार्यों की जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रतिदिन निगरानी करें
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।









